कन्नौज:-

  • पथराव और फायरिंग से फैली सनसनी
  • तालग्राम और इंदरगढ़ थानों के फोर्स गांव में किया गया तैनात
    महिला प्रधान ने मांगी अपनी तथा अपने पति की सुरक्षा
    कन्नौज:– जिले के एक गांव वर्चस्व को लेकर प्रधानपति व कोटेदार में झगड़ा हो गया। देखते ही देखते ईंट-पत्थर चलने लगे और फायरिंग की जाने लगी। इस बवाल में कई लोग घायल हो गए। सूचना पर आसपास के थानों के पुलिस फोर्स गांव पहुंच गया।
    घटना सौरिख थाना क्षेत्र के नंदपुर गांव की है। जहां बीती रात ग्राम प्रधान सरिता यादव के पति सुदेश यादव और कोटेदार शिशुपाल सिंह यादव के बीच झगड़ा हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में ईंट-पत्थर चलने लगे और फिर फायरिंग होने लगी। जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही छिबरामऊ सीओ दीपक दुबे और सौरिख थानाध्यक्ष विक्रम सिंह फोर्स के साथ गांव पहुंच गए। पुलिस ने घायलों को सौरिख के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
    नंदपुर गांव में झगड़े के दौरान पथराव में योगेश, अनीता और सीमा समेत कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती करवा दिया। जबकि ग्राम प्रधान सरिता यादव के पति सुदेश यादव की कार क्षतिग्रस्त हो गई।
पथराव में क्षतिग्रस्त कार

कई दिन से सुलग रही थी विवाद की चिंगारी:-
नंदपुर गांव में कोटेदार शिशुपाल सिंह यादव की सरकारी राशन की दुकान थी। ग्राम प्रधान सुदेश यादव ने ग्रामीणों के साथ मिलकर राशन वितरण में धांधली की शिकायत अधिकारियों से की तो अफसरों ने कार्यवाही करते हुए कोटेदार शिशुपाल सिंह यादव की राशन की दुकान पड़ोसी गांव मिर्जापुर के कोटेदार के यहां सम्बद्ध कर दी थी। जिसको लेकर प्रधानपति और कोटेदार में विवाद चल रहा था।
मामले को लेकर सौरिख थानाध्यक्ष विक्रम सिंह का कहना है कि नंदपुर गांव में 2 पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था। जिसमें मारपीट और पथराव हुआ, फायरिंग नहीं हुई। मामले की जांच कर कार्यवाही की जाएगी।