
विकास खंड हसेरन के कस्बा नादेमऊ में वाहनों की लंबी कतार के बीच नयनाभिराम चित्ताकर्षक झांकियों के साथ राम बारात निकाली गई। बारात का प्रस्थान कस्बा स्थित सुभाष इंटर कालेज से हुआ। जगह-जगह बारात को श्रद्धालुजन के परिजनों द्वारा आरती पूजन कर स्वागत किया गया। महिलाओं ने छतों से पुष्प वर्षा की। सबसे पहले पूर्व प्रधानाचार्य हरिशंकर शुक्ल ने विभिन्न देवी देवताओं की झाकियों का पूजन कर स्वागत किया। इसके बाद सदर बाजार में वरिष्ठ समाजसेवी रामशंकर बाथम, देशराज सिंह पाल, धर्मेन्द्र सिंह तोमर, प्रेम सिंह भदौरिया आदि ने हसेरन तिराहा पर राम बारात का स्वागत किया। कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के उपाध्यक्ष आनंद कुमार सिंह, अजय कुमार दुबे, कौशलेंद्र कुमार गुप्ता, अखिलेश उर्फ लल्लन सिंह, डॉक्टर वीपी सिंह ने भी पुष्प वर्षा कर बारात का स्वागत किया। बारात की सुरक्षा व्यवस्था में भारी पुलिस बल के साथ थानाध्यक्ष सौरिख मदन मोहन गुप्ता अपने चौकी प्रभारी नादेमऊ व चपुन्ना के साथ संभाल रहे थे। मेला कमेटी के अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह अपनी पूरी कमेटी के पदाधिकारियों के साथ मुस्तैदी के साथ देखभाल व सुचारु रुप से व्यवस्थाओं के संचालन में लगे रहे। मेला कमेटी के वरिष्ठ संरक्षक राजीव सिंह राना पूरी व्यवस्था पर कड़ी निगाह बनाये रखे थे। बारात में तीन दर्जन से अधिक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई थी।
अंत में बारात मेला परिसर में पहुंच कर विधिवत भगवान श्री राम सीता मंत्रोच्चारण के साथ विवाह संपन्न हुआ। बारातियों को संरक्षक राजीव सिंह राना ने सम्मानित किया।